khabar abhi tak

एमपी : दुल्हन बनकर ससुराल आती, फिर गहने-पैसा लेकर हो जाती थी फुर्र, लुटेरी गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार, कुंवारे होते थे टारगेट

छतरपुर. एमपी के बुन्देलखंड के छतरपुर के ग्रामीण इलाकों में कुंवारों की शादी कराने के नाम पर धोखाधड़ी का खेल लम्बे समय से चल रहा था. लुटेरी दुल्हन शादी के नाम पर 4 लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लुटेरी दुल्हन सहित 5 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से रकम, शादी के कपड़े, सोने-चांदी के जेवर एक बुर्का बरामद कर लिया है.

शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए लुटेरी दुल्हन सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दरअसल कोतवाली थाना इलाके के दूधनाथ कॉलोनी निवासी फरियादी 48 साल के दीपक चौरसिया की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई हुई है. पीडि़त दूल्हा दीपक चौरसिया ने बताया, 6 जुलाई को लवकुशनगर में उनकी कोर्ट मैरिज हुई थी. इसके अगले दिन 7 तारीख की रात करीब 9:30 बजे दीपक अपने भाई को देखने जिला अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नवविवाहिता पत्नी मौका पाकर फरार हो गई. मामले में 9 तारीख को थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई.

पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि शादी की पूरी डील सबसे पहले टीकमगढ़ जिले के बम्होरी निवासी बबलू उर्फ जयप्रकाश अहिरवार ने करीब 1 लाख 80 हजार रुपये में कराई थी. जांच के दौरान पुलिस ने दलाल बबलू उर्फ जयप्रकाश अहिरवार, कमलेश पटेल उर्फ भगतजी निवासी फतेहपुर जिला झांसी, राजनारायण निवासी चंदला, शंभू पटेल निवासी ग्राम हिनौता तथा रचना अनुरागी देरी रोड छतरपुर निवासी को गिरफ्तार कर लिया.

पहले से 3 शादियां कर चुकी है रचना

कोतवाली टीआई सतीश सिंह ने बताया, आरोपी महिला रचना अनुरागी की पहले भी 3 शादियां इसी तरह कर चुकी हैं. उसने लालच में आकर चौथी शादी की थी. जांच के दौरान महिला के पास से चार अलग-अलग आधार कार्ड तथा एक बुर्का भी बरामद किया गया है. रचना अनुरागी देरी रोड क्षेत्र की निवासी है, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं. इस पूरे गिरोह में सबकी अलग-अलग भूमिका थी. कोई दुल्हन का मामा बनता था, कोई दुल्हन का भाई तो कोई मौसा बन कर शिकार करते थे. वहीं मामले में छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया, मामले में महिला सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया. शादी का झांसा देकर पैसा लेकर भाग जाते थे. पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak