khabar abhi tak

मॉडिफाइड बाइक रोकने पर युवक का हंगामा, दी गालियां, पुलिस बाल पकड़कर थाना ले गई, 5500 का काटा चालान

जबलपुर. शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच सड़क पर गाली-गलौज होने लगी। घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में पुलिस युवक को खींचकर ले जा रही है फिर उसे बाल पकड़कर गाड़ी में बैठा दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, एसपी के निर्देश पर लार्डगंज थाना पुलिस बल्देवबाग चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक चला रहे 18 वर्षीय भावेश रजक, निवासी संगम कॉलोनी, को रोक लिया। उसकी बाइक का नंबर एमपी-20-एनएम-1332 है।

साइलेंसर हटाने को कहा तो बढ़ा विवाद

थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि पुलिस ने युवक से बाइक का मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने के लिए कहा। इसी बात पर उसकी पुलिसकर्मियों से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

थाने ले गई पुलिस

विवाद के बाद पुलिस ने युवक को बाल पकड़कर गाड़ी में बैठाया और लार्डगंज थाने ले गई। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था। बाद में उसके परिजनों को थाने बुलाया गया और समझाइश देकर उसे छोड़ दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस का कहना है कि वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और मॉडिफाइड साइलेंसर व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

टीआई से बोला-तू जानता नहीं है मुझे

रात को थाना प्रभारी के साथ जब पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी वहां से बाइक में निकर रहे युवक भावेश को रोका तो उसने टीआई की तरफ हाथ बढ़ाते हुए कहा कि तू जानता नहीं है, मुझे मैं कौन हूं, इसके बाद पुलिसकर्मीयों से बहस हो गई, जिसके बाद उसे पकड़कर थाने लाया गया।

बाइक से आ रही थी पटाखे की आवाज

पुलिस ने भावेश की बाइक को स्टार्ट किया गया तो उसमें पटाखे जैसे आवाज आ रही थी। इसके बाद युवक के पिता को थाने फोनकर बुलाया गया तो उन्होंने अपना परिचय राजनीतिक दल में कार्यकर्ता के रूप में दिया। हालांकि उन्होंने माना कि बेटे ने गलती की है। पुलिस ने वाहन अधिनियम के तहत 5500 रुपए का चालान काटा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak