khabar abhi tak

पति की हत्या कर फर्श में गाड़ी लाश, 45 दिन तक उसी पर बैठकर नहाती रही पत्नी

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा के सिकंदरा इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे और आम जनता के होश उड़ा दिए हैं। एक परिवार पिछले डेढ़ महीने से जिस लापता बेटे को पागलों की तरह गली-गली ढूंढ रहा था, वह कहीं दूर नहीं बल्कि अपने ही घर के बाथरूम की फर्श के नीचे दफन था। पत्नी ने न केवल अपने पति की बेरहमी से हत्या की, बल्कि शातिर दिमाग से उसकी लाश को बाथरूम के गड्ढे में गाड़कर ऊपर से पक्का फर्श बना दिया और 45 दिनों तक उसी के ऊपर नहाती रही।

पुलिस की गिरफ्त में आई आरोपी पत्नी रूबी ने पूछताछ के दौरान इस पूरे खौफनाक खेल से पर्दा उठाया। मृतक पति सुरेंद्र शर्मा बेरोजगार था और उसे शराब की बेहद बुरी लत थी। घर का खर्च सुरेंद्र की मां को मिलने वाली पेंशन से जैसे-तैसे चलता था। रूबी के मुताबिक, सुरेंद्र रोज शराब के नशे में धुत होकर आता और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। घरेलू हिंसा और रोज-रोज के इस टॉर्चर से तंग आकर 26 मई की रात जब सुरेंद्र ने फिर से उसके साथ मारपीट की, तो रूबी के सिर पर खून सवार हो गया। उसने उसी रात पति को मौत के घाट उतारकर इस रोज के झगड़े का हमेशा के लिए अंत कर दिया।

हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए रूबी ने बेहद शातिर तरीका अपनाया। उसने घर के बाथरूम का फर्श खोदकर एक गहरा गड्ढा बनाया, उसमें सुरेंद्र की लाश को दफनाया और फिर से ऊपर फर्श पक्का कर दिया। उधर, जब सुरेंद्र का कोई अता-पता नहीं चला, तो उसके भाई अनिल शर्मा ने सिकंदरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस और परिवार के लोग 45 दिनों तक सुरेंद्र को तलाशते रहे। जांच अधिकारी कई बार उसी मकान में आए और परिजनों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी कि जिस बाथरूम का वे रोज इस्तेमाल कर रहे हैं, ठीक उसी के नीचे सुरेंद्र की लाश गल रही थी।

सास के सामने टूटा जुर्म का बोझ और खुल गया बड़ा राज

पुलिस की लगातार जारी जांच और अपने ही गुनाह के भारी बोझ तले आखिरकार रूबी टूट गई। गुरुवार रात को रूबी ने अपनी सास के सामने रोते हुए वह खौफनाक सच उगल दिया, जिसे सुनकर बूढ़ी मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। रूबी ने कबूल किया कि सुरेंद्र कहीं नहीं गया है, बल्कि उसी ने उसकी हत्या कर लाश को बाथरूम में गाड़ दिया है। सास ने तुरंत यह बात अपने दूसरे बेटे अनिल को बताई, जिसके बाद आधी रात को ही पुलिस ने मकान पर दबिश देकर रूबी को हिरासत में ले लिया।

खुदाई में निकला नरकंकाल

पुलिस हिरासत में आते ही रूबी की निशानदेही पर टीम फावड़े और कुदाल लेकर घर के बाथरूम में दाखिल हुई। जैसे ही फर्श तोड़कर खुदाई शुरू हुई, गड्ढे के अंदर से सुरेंद्र शर्मा का नरकंकाल बरामद हुआ, जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा कांप उठा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak