khabar abhi tak

एमपी : बालाघाट में तेज बारिश का कहर, मकान की दीवार ढही, मलबे में दबे 3 मजदूर

बालाघाट. एमपी के बालाघाट शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया. कोतवाली थाना क्षेत्र के राम मंदिर गली में निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट में काम कर रहे तीन मजदूर अचानक बगल के कच्चे मकान की दीवार ढहने से मलबे में दब गए. 

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर तीनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला. सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक मजदूर की हालत गंभीर होने पर उसे गोंदिया रेफर किया गया.

कच्चे घर की दीवार गिरी

जानकारी के अनुसार, हर्षित पगाडिय़ा के निर्माणाधीन भवन में बेसमेंट का कार्य चल रहा था. बुधवार शाम करीब 6 बजे लगातार हो रही बारिश के कारण पास स्थित कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय बेसमेंट में कार्य कर रहे नीलेश नगपुरे (23) निवासी नवेगांव, चैतराम सौलखे (35) निवासी नैतरा तथा मानिक मचाड़े (48) निवासी तिलपेवाड़ा मलबे में दब गए.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत अभियान चलाकर तीनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मानिक मचाड़े की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर कर दिया गया. अन्य दो मजदूरों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.

सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि राम मंदिर गली में बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार गिरने से तीन मजदूर मलबे में दब गए थे. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल मजदूर मानिक मचाड़े को बेहतर उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak