khabar abhi tak

एमपी : 3 दिन से 150 फिट ऊंचे टावर पर चढ़ा व्यक्ति, पानी में भीगे गमछे को निचोड़कर बुझा रहा प्यास

पांढुर्णा. मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में 55 साल का एक व्यक्ति सोमवार शाम 5 बजे 150 फिट ऊंचे टावर पर चढ़ गया. मामला पांढुर्णा के तीन शेर चौक का है. पुलिस की लाख कोशिश के बाद भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं है. तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच सोमवार शाम से ही वह टावर पर बैठा है. 3 दिन से लोग उसे कुछ खाने को देना चाहते हैं, उसे भी वह लेने से मना कर रहा है.

पांढुर्ना के तीन शेर चौक के पास बीएसएनएल कार्यालय परिसर में मौजूद टावर पर एक व्यक्ति चढ़ गया. लगातार बारिश हो रही है और तेज हवाओं की झोंके भी चल रहे हैं. लेकिन वह टावर के ऊपर से उतरने को तैयार नहीं हो रहा है. पुलिस ने उसे हिंदी मराठी और गोंडी भाषा में बातचीत करने का प्रयास किया कि आखिर वह क्यों टावर पर चढ़ा है. लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया. उसकी कोई पहचान भी नहीं हो पा रही है कि वह व्यक्ति कहां का है और कौन है. वहीं, उसकी उम्र करीब 55 साल आंकी जा रही है.

पास जाने पर टावर की रॉड से किया हमला

पांढुर्णा थाना के टीआई अमित दानी ने बताया कि पुलिस व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है. मंगलवार को छिंदवाड़ा से एक स्पेशलिस्ट युवा राजाबाबू चौधरी को बुलाया गया. उसने टावर पर चढ़कर व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया. तब व्यक्ति करीब 5 फीट नीचे उतरा और अचानक टावर की एक रॉड तोड़कर राजा बाबू के ऊपर उल्टा हमला कर दिया.

सोमवार की शाम से टावर पर बैठा है व्यक्ति

सोमवार शाम 5 बजे टावर पर चढऩे के बाद भी वह टावर पर ही बैठा रहा. तेज आंधी तूफान के बावजूद वह नीचे नहीं उठ रहा है. इसके साथ ही टावर पर चढऩे का ठोस कारण भी वह नहीं बता पा रहा है. वहीं, पुलिस ने किसी अनहोनी से बचने के लिए टावर के नीचे जाल बिछाकर रखा है.

भीगे गमछे के पानी से बुझा रहा है प्यास

पुलिस का कहना है कि स्पेशलिस्ट के द्वारा नीचे लाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं आया. जब उससे बात की गई, तो वह गोलमोल जवाब दे रहा है. अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह साइको है. जब उसे भोजन के लिए बिस्कुट और पानी देने के लिए कहा गया तो उसने मना कर दिया. उसके पास एक गमछा है. जब बारिश की वजह से वह भीग जाता है, तो गमछे को निचोड़कर वह अपनी प्यास बुझा रहा है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak