भोपाल. पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत गुना जिले के रुठियाई आउटर पर जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में बीती देर रात यात्रियों के साथ जमकर लूटपाट की घटना हुई, जिसने ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया। बताया जाता है कि ट्रेन संख्या 14813 देर रात करीब 2:20 बजे सिग्नल नहीं मिलने के कारण आउटर पर रुकी हुई थी। इसी दौरान करीब 25 से 27 नकाबपोश बदमाश ट्रेन के एस-5 और एस-6 कोच के पास पहुंचे और अलग-अलग समूहों में बोगियों के अंदर घुस गए।
यात्रियों के अनुसार पूरी घटना करीब आधे घंटे तक चलती रही। अचानक हुई इस वारदात से दोनों कोचों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार अपने बच्चों के साथ डरे-सहमे बैठे रहे, जबकि कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की।
विरोध करने पर पथराव, दो यात्री घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब कुछ यात्रियों ने बदमाशों को पकडऩे या रोकने की कोशिश की, तब ट्रेन के बाहर मौजूद उनके साथियों ने खिड़कियों और दरवाजों की तरफ पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में राजस्थान के छबड़ा निवासी अब्दुल कलाम खान और विदिशा जिले के गुलाबगंज निवासी संतोष कुमार घायल हो गए। बताया गया कि संतोष कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अब्दुल कलाम खान को भी चोटें लगीं।
घटना के दौरान यात्रियों ने किसी तरह ट्रेन के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर अपनी सुरक्षा की कोशिश की। साथ ही रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद रुठियाई स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक बदमाश अंधेरे और झाडिय़ों का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
जीआरपी ने दर्ज किया मामला
जीआरपी ने इस मामले में चार अलग-अलग यात्रियों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार विदिशा की हरबो बाई के कानों से सोने के झुमके, भोपाल निवासी ममता मेवाड़ा का मंगलसूत्र और राजस्थान निवासी आवेदा बानो की सोने की चेन छीनी गई। वहीं जोधपुर निवासी राहुल का बैग भी बदमाश ले गए, जिसमें कपड़ों के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
