khabar abhi tak

इटारसी स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक 25 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आया, धमाके के साथ गिरा नीचे, गंभीर

नर्मदापुरम. पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया. युवक इस दौरान हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और युवक जमीन पर गिर पड़ा. घटना इटारसी रेलवे स्टेशन के सी-केबिन आउटर की है, जहां हजरत निज़ामुद्दीन से एर्नाकुलम जा रही मंगला एक्सप्रेस खड़ी थी.

अचानक युवक एर्नाकुलम जा रही मंगला एक्सप्रेस की छत पर खड़े युवक को देख लोग वीडियो बनाने लगे. इस दौरान वह मोबाइल में किसी से बात करता रहा और ट्रेन के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के बेहद करीब था. ट्रेन के यात्री वीडियो बनाते हुए उसे बार-बार नीचे उतरने के लिए आवाज देते रहे, इसी दौरान वह हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया.

हाईवोल्टेज लाइन के संपर्क में आते ही झुलसा

युवक के 25 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आते ही जोर से धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलसकर नीचे ट्रैक पर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के गिरते ही मौके पर आरपीएफ व रेलवे अधिकारी पहुंचे और गंभीर रूप से झुलस चुके युवक को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे नर्मादपुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसके हालत गंभीर बनी हुई.

70 प्रतिशत झुलसा युवक

प्राथमिक जानकारी के अनुसार घायल युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है. हालांकि, वीडियो में वह किसी से बात करते भी नजर आया है. सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. पता लगाया जा रहा है कि युवक सचमुच मानसिक रूप से विक्षिप्त था या उसने जानबूझकर ऐसा कदम उठाया. वहीं, डॉक्टर्स के मुताबिक हजारों वोल्ट का करंट लगने से युवक 70 प्रतिशत से ज्यादा जल गया है, उसके शरीर पर कपड़ों तक में आग लग गई थी, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. आरपीएफ पीआई मनीष पांडेय ने बताया, घटना की जानकारी लगते ही टीम मौके पर पहुंची थी. यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर युवक ट्रेन की छत पर कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak