भोपाल. एमपी की सवा करोड़ लाड़ली बहनों को प्रदेश सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है. अगस्त माह में बहनों का विशेष पर्व रक्षा बंधन आने वाला है. रक्षाबंधन पर प्रदेश सरकार लाड़ली बहनों को एक बार फिर शगुन की राशि देने का विचार कर रही है. लाड़ली बहनों को शगुन की राशि के रुपए में 250 रुपए की राशि अतिरिक्त दी जा सकती है. उधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (रविवार) लाड़ली बहना योजना की 38 वीं किस्त जारी करने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री जिला भिंड के लहार में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से ज्यादा बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 1835 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करेंगे.
प्रदेश सरकार की सबसे लोकप्रिय योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के खातों में शुरूआत से लेकर अभी तक 37 किस्तों में पैसा भेजा जा चुका है. अब 38वीं किस्त के रूप में महिलाओं के खातों में एक बार फिर 1500 रुपए की राशि भेजी जा रही है. राज्य सरकार द्वारा नवंबर 2025 से इस योजना में महिलाओं को मिलने वाली राशि में 250 रुपए की बढ़ोत्तरी की जा चुकी है. इसके बढ़ोत्तरी के बाद यह राशि 1250 रुपए मासिक से बढ़कर 1500 रुपए हो गई है. कार्यक्रम में लाड़ली बहनों के अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करने के अलावा 238.96 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो चुके विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा 83.33 करोड़ की लागत से तैयार 16 नई परियोजनाओं का भी भूमि पूजन किया जाएगा.
रक्षाबंधन पर बहनों को मिल सकता है शगुन
उधर, अगस्त माह में लाड़ली बहना योजना की 39 वीं किस्त जारी की जाएगी. अगस्त माह में बहनों का विशेष त्योहार रक्षाबंधन भी है. इस त्योहार पर लाड़ली बहनों के खातों में शगुन की राशि के रूप में अतिरिक्त पैसा डाला जा सकता है. बताया जा रहा है कि राज्य सरकार इसकी तैयारी कर रही है. शगुन के रूप में 250 रुपए की राशि अलग से दी जा सकती है. आमतौर पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1 से 15 तारीख के बीच डाली जाती है. इस बार रक्षा बंधन का त्योहार 28 अगस्त को है, इसलिए माना जा रहा है कि राशि की राशि अलग से जारी की जाएगी. साल 2025 में रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए की राशि राशि के रूप में दी गई थी.
