 |
| फाइल फोटो |
जबलपुर। बरगी बांध में मानसून की बेरुखी के कारण पानी की आवक बेहद धीमी बनी हुई है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त ताजा आंकड़ों के अनुसार शनिवार रात 8 बजे तक बांध का जलस्तर 410.85 मीटर दर्ज किया गया है। जल भंडारण की स्थिति पर गौर करें तो वर्तमान में बांध की लाइव स्टोरेज क्षमता 777 मिलियन क्यूबिक मीटर है, जो कुल क्षमता का 24.43 प्रतिशत है। बांध का पूर्ण जलाशय स्तर 422.76 मीटर तय किया गया है और अभी जलस्तर न्यूनतम ड्राउन लेवल 403.55 मीटर से ऊपर बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान बांध में पानी की औसत आवक 296 घनमीटर प्रति सेकंड रही है, जिसके चलते बांध के सभी गेट फिलहाल पूरी तरह बंद रखे गए हैं। बांध से सिंचाई और विद्युत उत्पादन के लिए पानी की निकासी का क्रम जारी है। वर्तमान में दाहिने तट पर स्थित विद्युत गृह से 199 घनमीटर प्रति सेकंड और बाईं तट मुख्य नहर के माध्यम से 12 घनमीटर प्रति सेकंड पानी सिंचाई के लिए छोड़ा जा रहा है। इस तरह नदी में कुल 199 घनमीटर प्रति सेकंड जल प्रवाहित हो रहा है। अगर हम पिछले वर्ष के आंकड़ों की तुलना करें तो 11 जुलाई 2025 को बांध का जलस्तर 416.40 मीटर था और लाइव स्टोरेज क्षमता 1620 मिलियन क्यूबिक मीटर दर्ज की गई थी। इस लिहाज से देखा जाए तो इस वर्ष जलस्तर 5.55 मीटर और कुल भंडारण 26.51 प्रतिशत कम है।
अच्छी बारिश सम्भावना बरकरार
मानसून की स्थिति को देखें तो जलग्रहण क्षेत्र में औसत 0.07 मिलीमीटर बारिश हुई है और इस पूरे सीजन में अब तक कुल 315.72 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 से 48 घंटों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुमानों के मुताबिक यदि आगामी समय में क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा होती है, तो बांध में पानी की आवक में तेजी आने की पूरी उम्मीद है। अभी जल प्रबंधन के सभी मानक सामान्य हैं और बांध प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।