khabar abhi tak

स्वच्छता अभियान के अंतर्गत रेल क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले 1370 यात्रियों पर कार्रवाई, लाखों का जुर्माना

जबलपुर। स्वच्छ भारत मिशन एवं भारतीय रेल की स्वच्छता संबंधी नीति के अनुरूप  जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवे परिसरों, स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने हेतु निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन जांच एवं कार्रवाई की गई।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के तीन माह (1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक)  के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रैक क्षेत्र तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाते हुए पाए गए कुल 1370 यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को 2 लाख 74 हज़ार का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।

रेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए उद्घोषणाओं, पोस्टरों, डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों एवं जन-जागरूकता अभियानों का संचालन किया जाता है। इसके बावजूद कुछ यात्री सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर एवं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन कर रेलवे परिसरों की स्वच्छता को प्रभावित करते हैं। ऐसे मामलों में रेलवे प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। स्वच्छ रेलवे परिसर न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak