नई दिल्ली. भारतीय रेलवे विश्व के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक है। हर दिन लाखों यात्री इंडियन रेलवे टूरिज्म एंड कैटरिंग कार्पोरेशन (आईआरसीटीसी) के माध्यम से रेल टिकट बुक करते हैं। यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर आईआरसीटीसी में कई बदलाव किए जाते हैं लेकिन अब यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय रेलवे, डिजिटल आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। यानि आईआरसीटीसी की नई बेबसाइट लॉन्च होने वाली है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद नई वेबसाइट लांच होने की पुष्टि की है। लॉन्च की तारीख भी सामने आ गई है। अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि किया है कि आईआरसीटीसी की एक बिल्कुल नई और अपग्रेडेड वेबसाइट 15 जुलाई 2026 तक लॉन्च की जाएगी।
आईआरसीटीसी पोर्टल में फिलहाल ये समस्याएं आ रहीं
यह नई वेबसाइट यात्रियों को अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की गई है। रेल मंत्रालय ने यह फैसला छात्रों की शिकायत के बाद लिया है। यात्रियों कोआईआरसीटीसी पोर्टल पर टिकट बुक करने पर कई प्रकार की समस्याएं आ रहीं थी जैसे कैप्चा कोड की उलझन, तत्काल टिकट बुक करने के समय पर सर्वर के क्रैश होने, पैसे कटने पर टिकट न मिलने और ओटीपी में देरी जैसी समस्याओं से दो-चार होना, जिससे यात्री काफी परेशान हो जाते थे। इन समस्याओंं को देखते हुए रेलवे ने आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट पर काम करना शुरू किया और अब जल्द ही यह लॉन्च होने वाली है।
रेल मंत्री ने तत्काल अधिकारियों दिए निर्देश
बता दें कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर दौरे के दौरान छात्रों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान छात्रों ने उन्हें आईआरसीटीसी पोर्टल में आने वाली तकनीकी समस्याओं के बारे में बताया। एक छात्रा ने विशेष रूप से वेबसाइट के धीमे कैप्चा सिस्टम और टिकट बुकिंग के समय आने वाली अन्य दिक्कतों की ओर ध्यान दिलाया। छात्रों की शिकायतें सुनने के बाद रेल मंत्री ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई और उन्नत वेबसाइट तैयार की जा रही है, जिसे 15 जुलाई तक आम जनता के लिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक तेज, सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है।
