khabar abhi tak

वीडियो बनाने का विरोध करने पर लोडिंग ड्राइवर का अपहरण, मारपीट कर वसूले ऑनलाइन रुपये, छह गिरफ्तार



जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पर वीडियो बनाने का विरोध करने पर अपराधियों ने लोडिंग ऑटो चालक 23 वर्षीय मोहम्मद सोहेल रंगरेज का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर परिजनों से फोन-पे के माध्यम से 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा पीड़ित से 2,600 रुपये नकद भी छीन लिए। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एएसपी सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी आदित्य सिंघरिया के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम की टीम ने 6 आरोपियों अजीत कोल, दीपक कोल, विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल, आशू कुम्हार और संजू उर्फ सज्जू कोल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​विवाद के बाद दो बाइकों से आए बदमाशों ने किया युवक का अपहरण

​नया मोहल्ला सिहोरा निवासी मोहम्मद सोहेल 3 जून 2026 की रात करीब 11 बजे अपनी गाड़ी खड़ी करने खितौला बस स्टैंड गया था। वहां उसका दोस्त अमन कोरी अपनी बहन के साथ था। इसी दौरान लखराम मोहल्ला के विक्की, ओम और आशू वहां आकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर वे चले गए, लेकिन कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों अजीत, दीपक और सज्जू के साथ दो मोटरसाइकिलों पर वापस आए। बदमाशों ने सोहेल पर हमला कर उसे जबरन बाइक पर बीच में बैठाया और अगवा कर लिया। आरोपी उसे पहले स्टेडियम और फिर कृषि उपज मंडी पहरेवा ले गए, जहां रास्ते में उनका एक 16 वर्षीय किशोर साथी भी शामिल हो गया।

​मंडी में बेल्ट और चाकू से पीटा, फिर फोन-पे से मंगवाई रंगदारी

​मंडी परिसर में आरोपियों ने सोहेल को बेरहमी से पीटा। अजीत ने बेल्ट से हमला किया और विक्की ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का वीडियो बनाया। अजीत ने सोहेल से 2,600 रुपये छीन लिए और छोड़ने के बदले 10,000 रुपये मांगे। सोहेल ने डरकर अपनी मां शबाना बी और भाई शोएब को फोन किया। शोएब जब पैसे लेकर मंडी पहुंचा, तो बदमाशों ने दीपक कोल के फोन-पे नंबर पर 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद सोहेल मंडी का गेट कूदकर भागा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को दबोचकर उनके पास से लूटी रकम, चाकू, बेल्ट, 4 मोबाइल और 2 बाइक जब्त की हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak