जबलपुर। अधारताल के शोभापुर क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने पुरानी रंजिश पर एक घर पर फायरिंग कर दी, फायरिंग में महिला संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना की खबर मिलते ही अधारताल व रांझी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, जिन्होने पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
खबर है कि शोभापुर क्षेत्र में रहने वाले परिवार की क्षेत्र के ही कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश चली आ रही थी। जिसके चलते वे हर वक्त बदला लेने की फिराक में रहते थे। बीती देर रात मोटर साइकलों से पहुंचे बदमाशों ने रिवाल्वर निकालकर फायरिंग शुरु कर दी। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर महिला संगीता रजक उम्र 38 वर्ष बाहर आई, वे कुछ समझ पाती गोली सीधे उन्हे ही लगी और वे गिर गई। संगीता को गोली चलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी घरों से निकल गए। परिजनों ने संगीता रजक को खून से लथपथ हालत में नेपियर टाउन स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। गोली चलने की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद हमलावरों को पकडऩे के लिए चारों ओर नाकाबंदी कर दी। पुलिस की टीमें आरोपियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं घटना को लेकर शोभापुर क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।