जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर आतंक का माहौल बनाने वाले दो आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की रिपोर्ट पर जिला कलेक्टर ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों शातिर बदमाशों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी रासुका के तहत वारंट जारी किया था। इसके तुरंत बाद सक्रिय हुई रांझी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुभाष नगर निवासी शुभम मिश्रा और रक्षा नगर कॉलोनी निवासी अमन केवट को अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र की जनता ने राहत की सांस ली है।
जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रांझी थाना पुलिस ने इन दोनों बदमाशों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून का एक मजबूत प्रतिवेदन तैयार किया था। इस रिपोर्ट को पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की गंभीरता और आरोपियों के बढ़ते हौसलों को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल एनएसए वारंट जारी करने के आदेश दिए। आदेश मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों को धर दबोचा।
अपराधियों का है पुराना रिकॉर्ड
पकड़ा गया आरोपी शुभम मिश्रा बेहद शातिर और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, बमबाजी और अवैध हथियार रखने जैसे करीब 45 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी अमन केवट भी लगातार वारदातों में शामिल रहा है। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार इन दोनों बदमाशों की इलाके में इस कदर दहशत थी कि पीड़ित और गवाह उनके खिलाफ सामने आने से कतराते थे।
