khabar abhi tak

सिद्धबाबा मैदान के पास सनसनी, युवक की छाती पर अड़ाई पिस्टल, बाल-बाल बची जान



जबलपुर।  घमापुर थाना क्षेत्र में आने वाले सिद्धबाबा रामलीला मैदान के सामने देर रात गाली-गलौज करने से मना करने पर 4 बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। मुख्य हमलावर शुभम सोनकर ने 30 वर्षीय पीड़ित अनमोल डेनियल की छाती पर पिस्टल अड़ाकर ट्रिगर दबा दिया, लेकिन अचानक मिसफायर होने से उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपियों ने युवक को दबोचकर पिस्टल की बट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया। लहूलुहान हालत में अनमोल को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी शुभम सोनकर और उसके 3 अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 109(1) और 3(5) के तहत संगीन केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिद्धबाबा रामलीला मैदान का निवासी अनमोल डेनियल एक निजी कंपनी में काम करता है। रविवार की रात करीब 10 बजे वह रामलीला मैदान के सामने स्थित कल्लू के भतीजे की दुकान पर अंडा खाने गया था। जब अनमोल अंडा खाकर अपनी मोटरसाइकिल से घर वापस जाने के लिए निकला, तभी दुकान के पास खड़े कुछ युवक आपस में बहुत तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। अनमोल ने आम रास्ता और सार्वजनिक स्थान होने के कारण उन्हें शालीनता से गाली बकने से मना किया। इसी बात पर वहां खड़ा मुख्य आरोपी शुभम सोनकर भड़क गया और अपने 3 अन्य साथियों को बुलाकर हंगामा करने लगा।

​हमले के बाद दोस्तों को आता देख भागे बदमाश

​शुभम सोनकर ने अनमोल की कॉलर पकड़कर बहस शुरू की और अपनी कमर से पिस्टल निकालकर हत्या करने के इरादे से सीधे उसकी छाती पर ट्रिगर दबा दिया। खुशकिस्मती से गोली नहीं चली और फायर मिस हो गया। इसके तुरंत बाद शुभम के तीनों साथियों ने अनमोल को चारों तरफ से जकड़ लिया। इसी बीच शुभम ने पिस्टल को उल्टा पकड़कर उसकी बट से अनमोल के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। अनमोल की चीख सुनकर उसके दोस्त लक्ष्मण उर्फ कल्लू और लड्डू उर्फ ऋषभ कोरी बीच-बचाव के लिए दौड़े। उन्हें अपनी तरफ आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस अब सिद्धबाबा क्षेत्र और आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak