पिपरिया. मध्य प्रदेश के पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर मटकुली झिरिया मोड़ के पास सोमवार की देर रात तामिया (छिंदवाड़ा) से आ रही बोलेरो (एमपी13 एके 4757) बाइक सवार के ओवरटेक के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी लोग देलाखारी से एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे में नर्मदापुरम निवासी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक प्रदीप धुर्वे (52), उनकी पत्नी ज्योति (35), बेटा अक्षत (8) सहित पंचम ठाकुर (55) और कुलदीप ठाकुर (40) की मौत हुई है। वहीं आकाश (25) और शरद (21) गंभीर घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आज हो रहा पोस्टमार्टम
गंभीर घायल शरद उइके की बहन ज्योति धुर्वे, बहनोई प्रदीप धुर्वे, भांजे अक्षत धुर्वे की मौत हुई। टीआई मदनलाल पवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंची। टीम शासकीय अस्पताल भी पहुंची। सभी शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह किया जाएगा।
