जबलपुर। एम्पायर तिराहा से पेंटीनाका फ्लाई ओवर निर्माण का स्थल निरीक्षण करने के लिए आज मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एमपीआरडीसी), कैंट बोर्ड का इंजिनियरिंग विभाग व रक्षा संपदा विभाग के संयुक्त अधिकारी दल ने स्थल निरीक्षण किया। संयुक्त टीम ने पूरे निर्माण स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया एवं निर्माण के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। टीम के निरीक्षण के दौरान सैन्य अधिकारियों के नहीं पहुंच पाने के चलते अगले तय दिन में संभवतः पुनः स्थल निरीक्षण किया जाएगा। पूर्व में तय लंबाई की लागत 44 ,करोड़ तय हुई थी लेकिन अब डेढ़ किलोमीटर ज्यादा गोराबाजार तक बढ़ाये जाने से फ्लाई ओवर की लागत 70 करोड़ हो गई है। निर्मित होने वाले पहुंच मार्ग की लंबाई 283 मीटर होगी। जहां यह रैंप उतरेगा उसकी सर्विस रोड की चौड़ाई 24 फीट रखी गई है। सेतु बंधन योजना के तहत स्वीकृत किया गया यह फ्लाई ओवर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने स्वीकृत किया है। हाल ही में इसकी लंबाई बढ़ाने का प्रस्ताव को सड़क परिवहन मंत्रालय ने अपनी सहमति दी है।
ऐसा है बनने का प्लान
गौरतलब है कि पूर्व में यह फ्लाईओवर एम्पायर तिराहे से वायएमसीए चौक तक बनाया जाना था, लेकिन अब राज्य शासन ने इसकी लंबाई को बढ़ा दिया है। अब उक्त फ्लाई ओवर का निर्माण गोराबाजार तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है । अब सड़क के जिस हिस्से में यह फ्लाई ओवर बनना है, उसमें रक्षा मंत्रालय की सहमति भी जरूरी है। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने फ्लाई ओवर के नए प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय को दिया था, जिसके बाद मंगलवार को एक ज्वाइंट विजिट तय की गई थी।