सतना। रामपुर बघेलान क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। तिउनी निवासी राजबहोर कोरी की देर रात तुर्की रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान दुकान में घायल अवस्था में मिला था, जिसे उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। जहांं पर आज सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को पूछताछ में मृतक के पिता संतोष कोरी ने बताया कि बीती दोपहर राजबहोर अपने परिवार के साथ आधार कार्ड बनवाने घर से निकले थे। कुछ कागजात कम होने के कारण वह परिवार को एक मंदिर के पास बैठाकर घर लौटे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। देर शाम जब परिवार अकेला घर लौटा, तो परिजनों को राजबहोर की चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की। तलाश के दौरान राजबहोर तुर्की रेलवे स्टेशन के समीप सुनसान दुकानों में से एक दुकान के अंदर घायल अवस्था में मिले। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, देखा तो राजबहोर के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। फोरेंसिक टीम ने दुकान के अंदर खून के निशान पाए हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच कर रही है।
Tags
satna