पुलिस के अनुसार गोटेगांव के देगुवां झांसीघाट निवासी फूल सिंह मेहरा उम्र 62 वर्ष अपने भतीजे सोनू मेहरा को दीवार बनाने से मना कर रहे थे। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर सोनू ने चाचा फूल सिंह मेहरा के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया। हमले में फूलसिंह के सिर पर गंभीर चोटें आई,जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर किया गया। जहां पर फूलसिंह की बीती देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर सोनू को आज सरगर्मी से तलाश करते हुए बंदी बना लिया।
आरोपी पक्ष ने पुलिस से कहा, छत से गिरने के कारण चोट आई-
घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग ही घायल फूल सिंह को गोटेगांव के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों और पुलिस को बताया गया कि फूल सिंह छत से गिरकर घायल हुए हैं। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जबलपुर में ही उनका पीएम कराया गया।