जीआरपी ने सुलझाई चोरी की दो वारदातें, आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे पुलिस जबलपुर ने चोरी के 2 अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विपिन कुमार बढ़ई को मदनमहल स्टेशन से गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने 26 वर्षीय आरोपी विपिन कुमार बढ़ई निवासी मोहन टोला, कटनी के पास से 16,500 रुपये का चोरी का मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह मोबाइल 33 वर्षीय आरोपी रवि तिवारी उर्फ राका निवासी भूमकेश्वर धाम, कैमोर को 1,000 रुपये में बेचा था। पुलिस ने रवि तिवारी को भी पकड़ा, जिसके पास से मोबाइल बिक्री के बचे हुए 500 रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा आरोपी ने 3-4 महीने पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक अन्य यात्री का 9,000 रुपये का मोबाइल चोरी करना भी कबूल किया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मदनमहल रेलवे स्टेशन से दबोचा गया शातिर चोर
रेलवे पुलिस की टीम ने मुखबिर और सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) के इनपुट के आधार पर कटनी जिले में लगातार तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी विपिन कुमार बढ़ई को मदनमहल स्टेशन पर घेराबंदी करके पकड़ा गया। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरियों की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।
कुल 25,500 रुपये के मोबाइल और नकदी बरामद
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 25,500 रुपये मूल्य के 2 चोरी के मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सउनि जे.एस. धुर्वे, प्र.आर. अनुराग तिवारी, प्र.आर. विनोद तिवारी, प्र.आर. रत्नेश यादव, आर. मनीष शर्मा और आर. विमलेश ठाकुर शामिल रहे।
