जबलपुर। महिलाओं के कान में पहनी सोने की झुमकी खींचने वाले चार आरोपियों को अधारताल पुलिस ने सीखचों में डाल दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पतासाजी कर रही है, जिससे अन्य लूट वारदातों के खुलासा होने की संभावना है।
बायपास, अधारताल सहित अन्य जगहों पर हुई इन वारदातों में एक बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन युवक सामने आए थे। इनमें चौथा आरोपी लूटी गए माल को ठिकाने लगाता रहा। पुलिस ने पीड़ितों के बताए हुलिए के आधार पर छानबीन की, जिसमें दो नाबालिगों की टोह मिली। पुलिस इसके आधार पर दो मुख्य आरोपियों हिमांशु और संतोष तक पहुंची।
पुलिस ने वारदात के बारे में बताया है कि सिविक सेंटर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। उसी मोटरसाइकिल से वारदातों को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने जब्त माल की कीमत 8 लाख रूपए बताई है। आरोपियों का रिमांड लिया जा रहा है, जिससे कई वारदातों के खुलासा होने की उम्मीद है। आरोपियों में हिमांशु पूर्व अपराधी रह चुका है।

