khabar abhi tak

चार बच्चों की मां ट्रेन से अचानक हुई लापता,हड़कंप



जबलपुर। अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही 19489 ट्रेन के एसी कोच से एक विवाहित महिला अंजलि यादव के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया है। अंजलि अपने पिता अशोक यादव और 4 बच्चों के साथ इस ट्रेन में यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान अचानक अंजलि अपनी सीट से गायब हो गई, जिसके बाद पिता ने ट्रेन में काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। घटना की शिकायत कटनी रेलवे स्टेशन पर दर्ज कराई गई है। प्रारंभिक जांच में महिला की आखिरी लोकेशन दमोह स्टेशन के आसपास मिली है, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जीआरपी और रेलवे पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यात्रियों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

दमोह स्टेशन के पास से महिला गायब हुई

​पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि अंजलि यादव यात्रा के दौरान अचानक अपने पिता की नजरों से ओझल हो गई। पिता अशोक यादव ने जब उसे सीट पर नहीं पाया, तो हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी जीआरपी ने तुरंत जांच शुरू की और मैहर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन वहां कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सागर और दमोह जैसे अन्य स्टेशनों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जीआरपी के अनुसार, चूंकि आखिरी लोकेशन दमोह स्टेशन के पास ट्रेस हुई है, इसलिए इस मामले की डायरी अब आगे की कार्रवाई के लिए दमोह भेजी जाएगी। जीआरपी की टीमें अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।

लापता होने का कारण अज्ञात

​पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुरेंद्र सिंह कनेश के अनुसार, घटना की रिपोर्ट पिता द्वारा जीआरपी में दर्ज कराई गई है। लापता महिला की तलाश के लिए जीआरपी की टीमें पूरी तरह से जुटी हुई हैं और जल्द ही कोई सुराग मिलने की संभावना है। पुलिस अभी इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि महिला के अचानक गायब होने के पीछे का कारण पता चल सके। फिलहाल महिला के लापता होने की ठोस वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी माध्यमों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला का पता लगाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak