जबलपुर। मध्य प्रदेश में मानसून बेहद करीब है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पहले बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर और जबलपुर क्षेत्र में दस्तक देगा। इसके बाद भोपाल और इंदौर में बारिश का दौर शुरू होगा। ग्वालियर, चंबल अंचल में मानसून कुछ देरी से पहुंचेगा।
प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण.पश्चिम मानसून अब प्रदेश की सीमा तक पहुंचने की तैयारी में है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार मानसून ने केरल, गोवा और महाराष्ट्र में तेजी से प्रगति की है। अगली मंजिल मध्य प्रदेश है। शुरुआती अनुमान में मानसून के 20 जून के आसपास प्रदेश पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इसके तय समय यानी 15 जून के आसपास मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद बढ़ गई है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में अगले कुछ दिनों में मानसूनी गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मानसून का प्रवेश चरणबद्ध तरीके से होगा। सबसे पहले बालाघाट, मंडला, सिवनी, डिंडोरी, अनूपपुर, बुरहानपुर और बैतूल जैसे दक्षिणी व पूर्वी जिले मानसून की पहली बारिश का अनुभव करेंगे। इसके बाद मानसून भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य प्रदेश में प्रवेश के बाद मानसून कुछ दिनों तक सक्रिय बना रह सकता है, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल पहुंचा। यह तेजी से आगे बढ़ते हुए 6 जून को महाराष्ट्र में प्रवेश कर गया। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के हिस्सों से होकर गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
