सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र के केतकिन घाट में गुरुवार सुबह सोन नदी में नहाने गए दो युवक लापता हो गए। आशंका जताई जा रही है कि दोनों नदी में डूब गए हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में चिंता का माहौल है। दोनों युवक बुधवार रात एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
नदी पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी प्रिंस साकेत ने बताया कि वह राजा साकेत और संजय साकेत के साथ सोन नदी में नहा रहा था। इसी दौरान राजा और संजय ने नदी पार करने की कोशिश की। नदी के बीच पहुंचते ही दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। प्रिंस के मुताबिक, दोनों युवकों ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उन्हें बचा नहीं सका। इसके बाद वह गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण केतकिन घाट पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन सोन नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस और सिहावल चौकी की टीम मौके पर पहुंची। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिलने के बाद स्थिति का जायजा लिया गया और दोपहर करीब 12 बजे स्ष्ठक्रस्न की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम केतकिन घाट में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस और राहत दल नदी में तलाश अभियान जारी रखे हुए हैं।
