khabar abhi tak

एमपी पावर जनरेटिंग कंपनी ने फोर्टिस हेल्थकेयर को कैशलेस स्वास्थ्य योजना में किया शामिल



कार्मिक और पेंशनर्स देशभर के 21 फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पतालों में ले सकेंगे विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड  अपने कार्मिकों, पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर नई एवं लाभकारी पहलें कर रही है। इसी क्रम में कंपनी ने देश के अग्रणी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं में से एक फोर्टिस हेल्थकेयर को अपनी कैशलेस स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत नेटवर्क अस्पताल के रूप में सूचीबद्ध किया है।  इस महत्वपूर्ण निर्णय से कंपनी की इस योजना में पंजीकृत कार्मिक, पेंशनर्स एवं उनके आश्रित अब देशभर के 21 फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पतालों में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इनमें नई दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, मोहाली, चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, जयपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों के अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में उपचार हेतु भर्ती होने पर कंपनी के पात्र हितग्राहियों को सीजीएचएस दरों पर मात्र 20 प्रतिशत सह-भुगतान के साथ कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। वहीं, फोर्टिस अस्पताल भोपाल में पात्र कार्मिक, पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों को 100 प्रतिशत कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध रहेगी।

लोकप्रिय साबित हुई कैशलेस स्वास्थ्य योजना  

उल्लेखनीय है कि यह कैशलेस स्वास्थ्य योजना प्रदेश की सभी पॉवर कंपनियों में लागू की जा चुकी है। पावर जनरेटिंग कंपनी में नवंबर 2025 में प्रारंभ की गई यह कैशलेस स्वास्थ्य योजना कार्मिकों एवं पेंशनर्स के बीच अत्यंत लोकप्रिय साबित हुई है, जिसमें लगभग 85 प्रतिशत कार्मिकों तथा 60 प्रतिशत पेंशनर्स तथा आश्रित इस योजना में पंजीकृत हो चुके हैं। वर्तमान में योजना के अंतर्गत देशभर के लगभग 850 प्रतिष्ठित अस्पताल सूचीबद्ध हैं तथा और अधिक अस्पतालों को भी इसमें शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। फोर्टिस हेल्थकेयर को नेटवर्क अस्पतालों की सूची में शामिल किए जाने पर प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने कहा कि, हमारे कार्मिकों और पेंशनर्स ने अपने समय, प्रतिभा और समर्पण से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका स्वास्थ्य और उनके परिवारों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यही भावना इस योजना के मूल में निहित है। हम अपने कार्मिकों, पेंशनर्स एवं उनके आश्रितों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में भी इस दिशा में लगातार नए कदम उठाते रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak