कटनी. एमपी के कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विलायत कला-स्लीमानाबाद मार्ग पर गुरुवार दोपहर 1 बजे सड़क हादसा हो गया। बिजौरी गांव के पास यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्ची सहित कुल 9 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं और ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मडवारी देवरी से बरछेका गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
हादसे में 9 लोग घायल
हादसे में संगीता बाई कोल (26), सुरेंद्र चौधरी (30), दुआशिया बाई (55), अनसूइया (18), श्याम लाल कोल (35), हाकाली कोल (55), रामसुजान कोल (58), धनू कोल (50) और बच्ची सोनिया शामिल हैं। सभी घायल अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
