जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत दमोहनाका के बढ़ई मोहल्ला में पुरानी रंजिश और शराब के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर दो बदमाशों ने एक नाबालिग सहित दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना बीती रात करीब 10:30 बजे की है, जब बढ़ई मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय कृष्णा सिंह ठाकुर अपने दोस्त कार्तिक विश्वकर्मा के साथ नरपत पंडा के घर के सामने खड़े होकर बात कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे क्षेत्र के दो शातिर अपराधियों अरमान कोष्टा और राहुल ने पूर्व में हुए एक विवाद को लेकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने दोनों दोस्तों से शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। जब कृष्णा और कार्तिक ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी अरमान ने जेब से धारदार चाकू निकालकर कार्तिक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर घाव हो गया। बीच-बचाव करने आए कृष्णा पर भी अरमान ने चाकू से वार कर उसकी बाईं भुजा को जख्मी कर दिया, जबकि दूसरे आरोपी राहुल ने दोनों पीड़ितों के साथ जमकर मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
शराब के पैसे देने से मना करने पर वारदात
गोहलपुर पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में घायल कृष्णा सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी अरमान कोष्टा और राहुल इलाके में डरा-धमकाकर अवैध वसूली की कोशिश कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने हिंसक रूप ले लिया। अरमान ने सीधे कार्तिक की पीठ के बाईं तरफ चाकू घोंप दिया। जब कृष्णा अपने दोस्त को बचाने आगे आया, तो अरमान ने उस पर भी चाकू चला दिया, जिससे उसके बाएं हाथ में गहरी चोट आई।
मारने की धमकी देकर आरोपी फरार
हमले के दौरान आरोपी राहुल लगातार दोनों पीड़ितों पर लात-घूंसों की बरसात करता रहा। खून से लथपथ पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होते, तब तक दोनों आरोपी सरेराह जान से मारने की धमकी देते हुए रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
