मदन महल के गेट नंबर 4 के पास हुआ हादसा
जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में स्थित गेट नंबर 4 के पास दो कारें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना के बाद दोनों कारों के चालक मौके पर आपस में झगड़ने लगे और फिर विवाद करते हुए थाने पहुंचे, जहां दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में दोनों ही वाहनों को नुकसान पहुंचा है और चालकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार पहली रिपोर्ट सिंगरौली के गौतम बुद्ध कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय ध्रुव मिश्रा ने दर्ज कराई है, जो वर्तमान में जबलपुर में वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात वे अपनी कार संख्या एमपी 66 सी 3898 से अपने भाई आरूल्य मिश्रा के साथ तीन पत्ती चौक होते हुए घर जा रहे थे। तभी गेट नंबर 4 के पास कार संख्या एमपी 20 सीजे 7493 के चालक आशीष श्रीवास्तव ने उनकी कार को टक्कर मार दी। वहीं दूसरी ओर, राइट टाउन निवासी 60 वर्षीय आशीष श्रीवास्तव ने अपनी शिकायत में कहा है कि वे अपनी कार संख्या एमपी 20 सीजे 7493 से स्नेहनगर गेट नंबर 4 से होकर घर जा रहे थे, तभी ध्रुव मिश्रा ने अपनी कार से उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर हादसे के कारणों की विवेचना कर रही है।
