khabar abhi tak

बार काउंसिल चुनाव की रेस में दिग्गजों के बीच जंग तेज, देखिए अब तक किसे मिले कितने वोट



जबलपुर। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 के लिए 12 मई को डाले गए वोटों की गिनती चरणबद्ध तरीके से जारी है। मुख्य चुनाव अधिकारी एसके पालो के अनुसार 23 सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए पहले दौर में प्रदेश की 27 तहसीलों के कुल 3210 मतपत्रों की प्रथम वरीयता की जांच पूरी की गई। इस प्रक्रिया में 3091 मत पूरी तरह सही मिले, जबकि 119 वोटों को नियमों के तहत निरस्त कर दिया गया। शुरुआती रुझानों के बाद शीर्ष स्थान पाने वाले 10 प्रमुख वकीलों में राकेश सिंह भदौरिया, शैलेन्द्र वर्मा, नरेन्द्र कुमार जैन, आर.के. सिंह सैनी, दिनेश नारायण पाठक, मनीष तिवारी, विजय कुमार चौधरी, दिनेश कुमार दीक्षित, हितोषी जय हार्डिया और खिलाड़ी लाल गंगोरे शामिल हैं। फिलहाल दिग्गजों के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है।

​राकेश सिंह भदौरिया ने बनाई बढ़त

​वोटों की शुरुआती गिनती में राकेश सिंह भदौरिया 216 वोट लेकर सबसे आगे चल रहे हैं। उनके ठीक पीछे शैलेन्द्र वर्मा 167 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर मजबूती से डटे हैं। वहीं नरेन्द्र कुमार जैन को 150 वोट मिले हैं, जिससे वे तीसरे पायदान पर आ गए हैं। इसके बाद आर.के. सिंह सैनी ने 142 मतों के साथ चौथे और दिनेश नारायण पाठक ने 141 मतों के साथ पांचवें नंबर पर अपनी जगह पक्की की है। शुरुआती दौर की इस गिनती ने कानूनी हलकों में सरगर्मी काफी तेज कर दी है।

​वरीयता मत प्रणाली से बदलेंगे समीकरण

​इस चुनावी दौड़ में मनीष तिवारी 140 वोटों के साथ छठवें और विजय कुमार चौधरी 121 वोटों के साथ सातवें स्थान पर चल रहे हैं। इनके बाद दिनेश कुमार दीक्षित को 99 मत, हितोषी जय हार्डिया को 94 मत और खिलाड़ी लाल गंगोरे को 92 मत मिले हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि पूरी पारदर्शी व्यवस्था के लिए इसका सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया जा रहा है और आंकड़े वेबसाइट पर डाले जा रहे हैं। चूंकि अभी बड़ी संख्या में मतपत्रों की जांच बची है, इसलिए आने वाले दौर में वरीयता प्रणाली के कारण परिणाम पूरी तरह बदल सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak