khabar abhi tak

पमरे जीएम ने सतना-रीवा रेलखंड, निर्माणाधीन सीधी रेलवे स्टेशन एवं सोन ब्रिज का किया निरीक्षण

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे में नई रेल लाइन, दोहरीकरण एवं तिहरीकरण जैसी महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने शनिवार 20 जून को सतना-रीवा एवं रीवा-सीधी रेलखंड का निरीक्षण कर निर्माण एवं संरक्षा संबंधी 0.कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने सतना–रीवा रेलखंड का रियर विंडो निरीक्षण करते हुए रेल पथ, सिग्नलिंग प्रणाली, पुलों, समपार फाटकों, ओएचई तथा अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रेलखंड पर चल रहे अनुरक्षण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रीवा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने फुट ओवर ब्रिज के माध्यम से स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माल गोदाम, वाशिंग लाइन, कोच अनुरक्षण सुविधाओं, प्लेटफार्मों पर उपलब्ध टीन शेड, एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल तथा निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में चल रहे अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए यात्रियों हेतु उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

रीवा प्रवास के दौरान महाप्रबंधक ने मध्य प्रदेश शासन के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्रा तथा सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्र से भेंट कर यात्रियों की सुविधाओं, स्टेशन विकास एवं क्षेत्रीय रेल आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इसके उपरांत महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन सीधी रेलवे स्टेशन एवं निर्माणाधीन सोन ब्रिज का व्यापक निरिक्षण किया। इस दौरान संबंधित ट्रैक कार्यों का विस्तृत परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ब्रिज लेआउट ड्राइंग, गर्डर, स्पान संरचना, ब्रिज बेयरिंग, प्लेट, चैनल स्लीपर तथा चेयर प्लेट सहित विभिन्न तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी पहलुओं की समीक्षा की गई।

उल्लेखनीय है कि 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे के क्षेत्राधिकार में आने वाली रीवा-सीधी-सिंगरौली (163 किमी) रेल परियोजना का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क स्थापित होगा तथा व्यापार, उद्योग और रोजगार को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाश्मी, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) अनुराग पाण्डेय सहित निर्माण, संरक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak