जबलपुर। नानाजी देशमुख पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के संपदा अधिकारी डॉ एसके कारमोरे पर निविदा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदेश सचिव एजाज अंसारी के नेतृत्व में विवि में प्रदर्शन कर कुलपति मनदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव ने कहा है कि हाल ही में जबलपुर एवं महू के लिए फर्नीचर क्रय हेतु पोर्टल के माध्यम से जारी निविदा में निर्धारित दस्तावेजों की पूर्ति न करने वाली कुछ फर्मों को कथित रूप से लाभ पहुंचाया। उन्हें कार्य आदेश जारी किए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निविदा प्रक्रिया में पात्रता एवं दस्तावेजों की पर्याप्त जांच नहीं की गई। निविदा समिति के गठन में भी नियमों का पालन नहीं किया गया। एक ऐसी फर्म को कार्य आदेश दिए जाने का आरोप है, जो फर्नीचर आपूर्ति हेतु पंजीकृत नहीं है। ज्ञापन सौंपते समय शफी खान, अनुराग शुक्ला, सैफ मंसूरी, वक़ार खान, युग ठाकुर, अनिकेत तिवारी उपस्थित थे।
