छतरपुर. एमपी के छतरपुर में सागर लोकायुक्त पुलिस टीम ने हाउसिंग बोर्ड के डिवीजनल अकाउंटेंट बीपी विश्वकर्मा को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उन्होंने एक हितग्राही से रजिस्ट्री के लिए मकान के दस्तावेज की प्रोसेस पूरी करने के लिए 6 हजार रुपए की डिमांड की थी।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला हाउसिंग बोर्ड के मकान की रजिस्ट्री से संबंधित है। शिकायतकर्ता राम नारायण शुक्ला को विभाग द्वारा एक ईडब्ल्यूएस मकान नंबर 399 आवंटित किया गया है। इस मकान की रजिस्ट्री के लिए दस्तावेज प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आरोपी अकाउंटेंट बी.पी. विश्वकर्मा लगातार परेशान कर रहा था और वह इस काम के लिए 6,000 रुपए की डिमांड कर रहा था।
अकाउंटेंट के हाथ गुलाबी हो गए
शिकायतकर्ता राम नारायण शुक्ला रिश्वत देने के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए उन्होंने इस मामले की शिकायत सागर लोकायुक्त कार्यालय में कर दी। लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत की जांच करने के बाद योजना बनाई। जैसे ही आवेदक ने रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 4,000 रुपए आरोपी अकाउंटेंट बी.पी. विश्वकर्मा को दिए, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। रासायनिक घोल से हाथ धोने पर आरोपी के हाथ गुलाबी हो गए। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
