सागर। सागर के मकरोनिया स्थित दीनदयाल नगर में एक 35 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव किराए के मकान के किचन में मिला है। महिला डेढ़ साल पहले पति को छोड़कर अपने भानेज दामाद के साथ रह रही थी। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें प्रेमी की बेवफाई के कारण जान देने की बात लिखी है। वहीं, मृतका के पति ने भानेज दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या मान रही है।
पुलिस के अनुसार सोनाली पटेल के रूप में हुई है। बीती देर रात उसके भानेज दामाद सुंदर पटेल ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि किचन में शव खून से लथपथ पड़ा था और पास ही एक रस्सी पड़ी हुई थी। महिला के हाथ-पैर में कांच से कटे होने के निशान थे, जिससे खून बहा था। इसके अलावा सिर में भी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके पर मौजूद सुंदर पटेल से पूछताछ की। उसने बताया कि सोनाली पिछले 4 महीने से उसके साथ इस मकान में किराए से रह रही थी। इससे पहले वे दोनों किसी और जगह रह रहे थे।
पति का आरोप- पैसे खत्म होने पर की गई हत्या-
पुलिस ने मृतका के पति खरगराम पटेल और अन्य परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया। पति खरगराम ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और वे इंदौर में रहते थे। खरगराम ने आरोप लगाया कि पत्नी के बैंक खाते में पैसे थे। जब तक पैसे रहे, सुंदर उसे खर्च कराता रहा और पैसे खत्म होने पर उसने सोनाली की हत्या कर दी। पति के अनुसार, घटना से एक दिन पहले सोनाली ने फोन पर कहा था कि वह मर जाएगी। तब उन्होंने समझाते हुए कहा था कि वह ऐसा न करे, वे पैसे भिजवा देंगे। इसके अगले दिन ही पुलिस से मौत की सूचना मिल गई।