जबलपुर। विकास और बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में रानी अवंती बाई वार्ड के चैतन्य सिटी क्षेत्र में 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली मुख्य सड़क के निर्माण कार्य का जमीनी जायजा लिया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से इस निर्माण कार्य का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त लहजे में हिदायत दी गई कि कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई सहन नहीं की जाएगी। इस योजना के तहत सड़क का निर्माण वीरांगना रानी दुर्गावती के गौरवशाली कार्यकाल की यादों और ऐतिहासिक विरासत को संजोते हुए किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र को एक विशिष्ट पहचान मिल सके। इस मौके पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम के निर्देश
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद तकनीकी टीम और ठेकेदार से काम की प्रगति रिपोर्ट ली। निरीक्षण के दौरान यह साफ किया गया कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर ही पूरा करना होगा। सड़क की मजबूती और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि जनता का पैसा सही जगह लगे।
स्थानीय निवासियों की मांग पर नई सड़कें मंजूर
दौरे के समय चैतन्य सिटी और आसपास के रहवासियों ने अपनी अन्य समस्याएं भी जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं। नागरिकों की मांग को गंभीरता से लेते हुए बची हुई आंतरिक सड़कों के निर्माण को भी जल्द शुरू करने की सैद्धांतिक सहमति दे दी गई है। इससे पूरे वार्ड का आवागमन सुगम हो जाएगा और क्षेत्रवासियों को कीचड़ तथा गड्ढों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
