डिंडौरी. मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर कनई सांगवा ग्राम पंचायत के महिला-पुरुष सुबह करीब 9:30 बजे सड़क पर बर्तन रखकर बैठ गए। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि कई महीनों से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं किया गया। इसी कारण उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नल जल योजना के तहत घरों में कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन पिछले तीन महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीण महिला सरोज बाई ने बताया कि कभी-कभी पानी आता भी है तो उसकी मात्रा पर्याप्त नहीं होती। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। पानी के लिए उन्हें दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
अधिकारियों ने पहुंचकर कराया जाम समाप्त
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। मौके पर नायब तहसीलदार शैलेश गौर, कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, यातायात निरीक्षक सुभाष उईके सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विभाग ने दिए सुधार के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ वी.के. कोल ने बताया कि विभाग को पहले इस समस्या की जानकारी नहीं मिली थी। अब अधिकारी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत सचिव को पानी सप्लाई का समय बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराई जाएगी। खराब पाइपलाइन को सुधारने के लिए पंचायत से कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भेजने को भी कहा गया है।
