khabar abhi tak

दीक्षांत समारोह से पहले विवाद, 2 लाख रूपए के बकाया बिल के कारण नहीं मिलेंगे होटल के कमरे!



जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीयू) के 36 वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण समारोह में शामिल होने आ रहे वीआईपी अतिथियों के ठहरने के लिए सिविल लाइन स्थित कलचुरी रेसिडेंसी को पत्र भेजा था। यह होटल मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित किया जाता है। विश्वविद्यालय ने यहाँ 5 कमरे बुक करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में होटल प्रबंधन ने एक पत्र भेजकर कमरा बुकिंग करने से साफ मना कर दिया है, क्योंकि विश्वविद्यालय पर वर्ष 2023 से 2026 के बीच हुए विभिन्न आयोजनों का करीब 2 लाख रूपए से अधिक का बिल बकाया है।

अग्रिम भुगतान की शर्त पर ही मिलेंगे कमरे

होटल प्रबंधन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुराना बकाया होने के कारण नए कमरे तभी बुक किए जाएंगे जब उनका अग्रिम भुगतान जमा किया जाएगा। इस संबंध में होटल प्रबंधन द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को पहले भी कई बार लिखित में पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बाद भी लापरवाही बरतने के कारण होटल को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है। होटल के इस दो टूक जवाब के बाद अब विश्वविद्यालय के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की साख दांव पर लग गई है। इतने बड़े और गरिमामय दीक्षांत समारोह से ठीक पहले इस तरह की स्थिति पैदा होने से लोग हैरान हैं। शिक्षा जगत और आम जनता के बीच अब विश्वविद्यालय प्रबंधन के काम करने के तरीके और वित्तीय लापरवाही को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सभी लोग इस बात पर नाराजगी जता रहे हैं कि आखिर इतने समय से सरकारी होटल का बिल क्यों नहीं चुकाया गया, जिससे अब वीआईपी मेहमानों के सामने फजीहत होने की नौबत आ गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak