जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के भारतीय परंपरा व स्वदेशी व्यंजनों को बढ़ावा देने के राष्ट्रव्यापी आह्वान से प्रेरित होकर जबलपुर में विश्व पोहा दिवस अनोखे अंदाज में मनाया गया। नगर निगम मुख्यालय स्थित शासकीय महापौर निवास के प्रांगण में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की पहल पर आयोजित इस स्वदेशी पोहा, जलेबी और चटनी पार्टी में शहर का हर खासो-आम जुट गया। सुबह 8 बजे से सजे इस स्वाद के दरबार में वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित पत्रकार, कला, खेल, शिक्षा व स्वास्थ्य जगत के अनेक पदाधिकारी शामिल हुए। इस स्नेहिल स्वदेशी आयोजन में कड़क प्रशासनिक माहौल और नेताओं की रोजमर्रा की व्यस्तता पूरी तरह गायब दिखी। कड़ाही से छनती गरमा-गरम जलेबियों, पोहे और चटपटी चटनी के पारंपरिक स्वाद के आगे सबका डाइट चार्ट फेल हो गया। सूट-बूट और कड़े प्रोटोकॉल को किनारे रखकर वीआईपी जनता के साथ दोने में पोहा खाते नजर आए। इस दौरान महापौर के साढ़े तीन साल के कार्यकाल की विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका सभी ने अवलोकन किया। नेताओं और अफसरों की इस जुगलबंदी ने टेबल पर एक नया ही सामाजिक हाजमा तैयार कर दिया।
प्रेम दिवस के रूप में मनाने का संकल्प
अतिथियों का स्वागत करते हुए महापौर ने कहा कि विश्व पोहा दिवस को उन्होंने एक प्रेम दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया है, जो भागदौड़ भरी जिंदगी में आपसी संवाद बढ़ाने का जरिया है। कार्यक्रम में मौजूद विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की सराहना की। सभी ने माना कि नई पीढ़ी को पाश्चात्य संस्कृति की चकाचौंध से दूर रखकर अपनी समृद्ध और स्वास्थ्यवर्धक भोजन परंपरा से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। इस अवसर पर पंकज दुबे, संदीप रजक, सुभाष तिवारी, विवेक राम सोनकर, दामोदर सोनी, रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेंद्र यादव सहित अनेक पार्षदों ने स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया।
