सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली में दहेज प्रताडऩा और घरेलू हिंसा से परेशान महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिससे एकसाथ 3 जिंदगियां खत्म हो गई. महिला ने खुद के साथ 2 मासूम बच्चों की भी जीवनलीला समाप्त कर दी. मृतका के परिजन ने आरोप लगाया है कि दहेज प्रताडऩा और घरेलू हिंसा से परेशान होकर महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या की है. वहीं, इस घटना के बाद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच की बात कह रही है.
इलाज के दौरान हुई तीनों की मौत
कोतवाली थाना क्षेत्र के सिद्धिकला गांव में शनिवार दोपहर दहेज प्रताडऩा और घरेलू हिंसा से परेशान 24 वर्षीय प्रमिला वैश्य ने आत्महत्या कर ली. प्रमिला ने दोनों बच्चों, 1 साल के सबर कुमार वैश्य और 2 साल की तन्वी वैश्य के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. परिजनों को सूचना मिली तो सभी को गंभीर हालात में अस्पताल लाया गया. जहां इलाज के दौरान प्रमिला वैश्य और सबर कुमार की मौत हो गई. वहीं, तन्वी वैश्य का उपचाल चल रहा था, लेकिन रविवार को अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई.
दहेज प्रताडऩा और मारपीट का आरोप
इस मामले में परिजन की ओर से दहेज प्रताडऩा और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं. बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से घरेलू विवाद और प्रताडऩा से परेशान थी. जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस इस घटना की हर एंगल से जांच कर रही है.
शव का कराया जा रहा है अंतिम संस्कार
कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शनिवार की है, जहां परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज प्रताडऩा की वजह से महिला ने अपने बच्चों के साथ आत्महत्या की है. फिलहाल इनका अंतिम संस्कार कराया जा रहा है और इस घटना की पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
