जबलपुर। लूट करना अपराधियों के लिए आसान होता जा रहा है। दस दिनों में मोटरसाइकिल पर जा रही महिलाओं के कान से झुमकी खींचने की तीसरी वारदात सामने आई है। पहली वारदात अधारताल, दूसरी वारदात खजरी बायपास और तीसरी वारदात बरगी रोड पर खमरिया गांव के पास हुई है। तीनों वारदातों में आरोपियों ने महिलाओं के कान से सोने की झुमकी खींच ली और भाग गए।
बरगी पुलिस ने बताया कि धनवंतरि नगर निवासी बृजेश साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह धनवंतरी नगर परसवाडा मे एमपी आनलाईन की दुकान चलाता है। 26 जून को पत्नी दुर्गा साहू, बच्चे यश और केशव के साथ अपने घर ग्राम देवद्वार सालीवाडा मोटर साईकल क्रमांक एमपी 20 एमएम 4527 से जाने के लिये निकला था। दोपहर लगभग 12.15 बजे जैसे ही टोल पार कर निगरी के आगे खमरिया के पास एनएच 34 रोड पर पहुंचा। उसी समय पीछे से बिना नंबर की मोटर साईकल मे 3 लडके आये एवं पत्नी के बाये कान मे पहनी सोने की झुमकी खींच लिए। मौके पर उसकी गाडी क्रास कर आगे निकल गये। उनका अपनी गाडी से पीछा किया। पीछे बैठे लडके ने उसे चाकू दिखाकर बोला कि पीछा किया तो जान से मार देंगे। जिससे वह डर गया था। अज्ञात तीनों लडकों में गाडी चला रहा लडका मुह में गमछा बांधा था। पीछे बैठे लडके का मुंह खुला था। पत्नी के बाये कान की झुमकी खींचते समय कान में चोट आई थी। वह पत्नी को लेकर घर चला गया था।
