khabar abhi tak

कान्हा नेशनल पार्क का कोर एरिया तीन माह के लिए बंद, एक अक्टूबर से दोबारा शुरु होगी सफारी, बफर जोन खुला रहेगा

मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व का कोर एरिया आज 30 जून शाम की अंतिम सफारी के बाद पर्यटकों के लिए तीन महीने तक बंद हो गया है। हर साल की तरह मानसून सीजन को देखते हुए यह प्रतिबंध 1 जुलाई से 30 सितंबर तक लागू रहेगा।

                              कोर जोन में अब 1 अक्टूबर से दोबारा पर्यटन शुरू होगा, हालांकि इस अवधि में बफर जोन के रास्ते पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे। बंद होने के आखिरी दिन पर्यटकों में भारी उत्साह देखा गया। आज कान्हा, किसली, मुक्की और सरही ज़ोन को मिलाकर सुबह की शिफ्ट में 82 और शाम की शिफ्ट में 50 गाडिय़ों में पर्यटकों ने कोर क्षेत्र में सफारी का आनंद लिया। अब मानसून के दौरान वन विभाग का मुख्य ध्यान जंगलों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष गश्ती अभियान चलाने पर रहेगा।

 सीजन में मिला 18 करोड़ से अधिक का राजस्व-

अक्टूबर से जून तक के इस पर्यटन सीजन में कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्रों में कुल 2 लाख 41 हजार 416 पर्यटकों ने भ्रमण किया। पिछले सीजन (2 लाख 57 हजार 903 पर्यटक) के मुकाबले इस बार नाइट सफारी पर रोक के कारण पर्यटकों की कुल संख्या में थोड़ी कमी आई है, लेकिन इसके बावजूद इस वर्ष 18 करोड़ से अधिक का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ है।

1.95 लाख से ज्यादा पर्यटक पहुंचे-

आंकड़ों के मुताबिक, इस सीजन में कोर एरिया में 1,73,403 भारतीय और 22,212 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 1,95,615 लोगों ने वन्यजीवों को करीब से देखा। वहीं, बफर एरिया में 44,740 भारतीय और 1,061 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 45,801 लोग पहुंचे। कान्हा प्रबंधन के अनुसार, पार्क में प्रतिदिन कुल 282 सफारी वाहनों (178 कोर और 104 बफर एरिया) को प्रवेश की अनुमति दी जाती है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak