जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में नौकरी और ऑनलाइन टास्क के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बीएमएस की 23 वर्षीय छात्रा कीर्ति जैन इस धोखाधड़ी की शिकार हुई हैं। कीर्ति मूल रूप से अशोकनगर जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में तिलवारा स्थित पूर्णायु चिकित्सालय दयोदिया में पढ़ाई कर रही हैं। ठगों ने टेलीग्राम के जरिए उनसे संपर्क किया और ऑनलाइन टास्क पूरा करने का लालच दिया। पहले टास्क के बाद खाते में 5 हजार रुपये भेजकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद विभिन्न ऑनलाइन टास्क के नाम पर उनसे कुल 1 लाख 95 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। तिलवारा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रकम वापस पाने के लालच में डूबे पैसे
ठगों ने कीर्ति को टेलीग्राम पर रेस्टोरेंट की समीक्षा जैसे आसान काम देकर फंसाया। विश्वास दिलाने के लिए शुरुआत में 5 हजार रुपये दिए गए, जिसके बाद कीर्ति से 5 हजार, 10 हजार, 30 हजार और 50 हजार रुपये जमा कराए गए। आरोपियों ने वादा किया था कि टास्क पूरा होने पर पूरी राशि लाभ के साथ वापस कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। जब राशि वापस नहीं आई, तो ठगों ने एक नई चाल चली। उन्होंने टेलीग्राम पर कीर्ति से कहा कि पुरानी रकम पाने के लिए उन्हें 1 लाख रुपये और जमा करने होंगे। छात्रा ने डर के कारण 25-25 हजार रुपये की 4 किस्तों में यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद भी न तो पुरानी राशि वापस मिली और न ही बाद में जमा किए गए 1 लाख रुपये मिले। इसके बावजूद आरोपियों ने और पैसों की मांग जारी रखी। अंत में ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब अज्ञात साइबर अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
