जबलपुर/सीधी. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत कटनी-सिंगरौली रेलखंड के शंकरपुर-भदौरा रेलवे हॉल्ट पर ट्रेन क्रमांक 11651/11652 सिंगरौली-जबलपुर सिंगरौली इंटरिसटी के ठहराव की मांग को लेकर मंगलवार 30 जून को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन रेलवे प्रशासन के लिखित आश्वासन और स्थानीय प्रशासन की पहल के बाद आंदोलनकारियों ने स्थगित करने का निर्णय लिया।
यह निर्णय कुसमी में आयोजित एक बैठक के बाद लिया गया, जिसमें एसडीएम शैलेश द्विवेदी, मड़वास थाना प्रभारी, रेलवे अधिकारी और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आनंद सिंह ददुआ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रेलवे बोर्ड को भेजा ठहराव का प्रस्ताव
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि पश्चिम मध्य रेलवे ने शंकरपुर-भदौरा हॉल्ट पर ट्रेन क्रमांक 11651/11652 के ठहराव का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्थानीय जनभावना और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
एसडीएम शैलेश द्विवेदी ने बताया कि आंदोलन की सूचना मिलने पर प्रशासन ने रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। संयुक्त बैठक में आंदोलनकारियों की मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने समाधान के लिए समय मांगा। इसी के आधार पर आंदोलनकारियों से बातचीत कर 30 जून का रेल रोको आंदोलन स्थगित कराया गया।
लंबे समय से शंकरपुर-भदौरा हॉल्ट पर ट्रेन के ठहराव की मांग
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आनंद सिंह ददुआ ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से शंकरपुर-भदौरा हॉल्ट पर ट्रेन के ठहराव की मांग कर रही है। उन्होंने बताया कि रेलवे अधिकारियों ने मांगों पर विचार करने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है, जिसके कारण फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। आनंद सिंह ददुआ ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मांग पूरी नहीं होती, तो ग्रामीण पुन: रेल रोको आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
