जबलपुर। जबलपुर में महाराणा प्रताप जयंती पर (अवकाश के दिन) खुलने के कारण अंजुमन इस्लामिया स्कूल एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। भाजपा ने स्कूल प्रबंधन को मुस्लिम तुष्टिकरण और जिहादी मानसिकता का बताते हुए कलेक्टर से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जबलपुर के मालवीय चौक स्थित अंजुमन इस्लामिया स्कूल को वक्फ बोर्ड कमेटी संचालित करती है, जिसके अध्यक्ष अनवर बाबू हैं। आरोप है कि बीते तीन सालों से ऐसा हो रहा है कि जब कभी भी हिंदू त्योहार या फिर जयंती पड़ती है तो स्कूल में छुट्टी ना करते हुए क्लास लगाई जाती है, जबकि जिले के सभी शासकीय और प्राइवेट स्कूल बंद रहते हैं। आज भी स्कूल खुलने की जानकारी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों को लगी, तो वे स्कूल पहुंच गए। जिन्होने छुट्टी के दिन स्कूल खोलने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। माहौल बिगड़ते देख प्रबंधन ने आनन-फानन में अभिभावकों को बुलाकर बच्चों की छुट्टी कर दी। अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर महामंत्री मुजम्मिल अली का कहना है कि इससे पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है। स्कूल के चेयरमैन का कहना है कि हमने प्रिंसिपल को छुट्टी का आदेश दिया था पर उन्होंने फिर भी बच्चों को बुला लिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि स्कूल के चेयरमैन और प्रिंसिपल मिले हुए हैं। वे एक-दूसरे पर गलती बताते हैं। चेयरमैन की सोच जिहादी है। स्कूल की टीचर ईरम का कहना था कि हमें बुलाया गया था, इसलिए हम आ गए हैं। आज महाराणा जयंती है, इसकी जानकारी भी थी पर प्रबंधन का आदेश था। छात्र फैजान का कहना था कि मोबाइल पर मैसेज आया था कि कल स्कूल लगेगा, इसलिए सभी लोग आ गए, छुट्टी थी जिसकी जानकारी बिल्कुल भी नहीं थी। बहरहाल भाजपा नेता के हंगामे के बीच छुट्टी कर दी गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले में कलेक्टर से शिकायत करने की बात कही है।
Tags
jabalpur