khabar abhi tak

रंगदारी के चक्कर में दहली करमेता बस्ती, दिनदहाड़े बमबारी से हड़कंप



जबलपुर।  माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली करमेता बस्ती में को 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने दहशत फैलाते हुए सुमित चौबे के घर पर सरेआम ताबड़तोड़ बमबाजी की। इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे इलाके के शातिर अपराधी सौरभ यादव द्वारा पीड़ित से 1 लाख रुपए की अवैध रंगदारी मांगना सामने आया है। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हिंसक हमले को अंजाम दिया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस बमबाजी की घटना से पूरी बस्ती में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर माढ़ोताल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​करमेता बस्ती में सरेराह बम धमाके

​दिनदहाड़े हुए इस हमले और बमों की गूंज से पूरी करमेता बस्ती दहल उठी। अचानक हुए इन धमाकों के कारण सड़क पर चल रहे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी नकाबपोश हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से आसानी से फरार हो गए। धमाकों की आवाज बंद होने के बाद डरे-सहमे नागरिक अपने घरों से बाहर निकले। इस दुस्साहसिक घटना से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरा डर बैठ गया है।

​वसूली न देने पर खूनी खेल

​पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह पूरा विवाद अवैध वसूली से जुड़ा हुआ है। कुख्यात बदमाश सौरभ यादव ने सुमित चौबे से 1 लाख रुपए की मांग की थी। जब सुमित ने यह मोटी रकम देने से साफ मना कर दिया, तो उसे सबक सिखाने और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए यह हमला किया गया। आरोपी सौरभ यादव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी माढ़ोताल सहित अन्य क्षेत्रों में कई गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुका है।

​आक्रोशित जनता पहुंची थाने

​इस घटना के बाद पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरेआम हुई वारदात से गुस्साए दर्जनों स्थानीय निवासी लामबंद होकर माढ़ोताल थाने पहुंचे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन के साथ वारदात की पूरी सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। इधर पुलिस ने आश्वासन दिया है कि टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मुख्य आरोपी सहित सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak