जबलपुर। चिलचिलाती गर्मी के दौरान नागरिकों को पेयजल की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जल विभाग कार्यालय पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। परियट जलाशय का जलस्तर कम होने के कारण पानी को पंपिंग स्टेशन के नजदीक लाने के लिए 25 कुशल कर्मचारियों की टीम को दिन-रात तैनात किया गया है। अत्याधुनिक मशीनरी से ड्रेजिंग का कार्य कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इस बैठक में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त शिवांगी महाजन, फायर अधीक्षक कुसाग्र ठाकुर, अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से, राजेश खम्परिया, संदीप जायसवाल, गुलाब इन्वाती, अभिनव मिश्रा, मनोज पटेल, अनुराग पाठक, अंकुर नाग, केदार पटेल, जुगल मेवारी, शैलेन्द्र पटेल, शेखर पटेल, हनुमंत राव और रोहित पटेल मौजूद रहे।
परियट जलाशय से पानी की निरंतरता सुनिश्चित होगी
जलापूर्ति को सुचारू बनाने के लिए निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी वार्डों में पानी की सप्लाई का समय और प्रेशर निर्धारित मानकों के अनुसार हो। टैंकरों के रूट चार्ट की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी क्षेत्र में जल संकट न हो। मुख्य लाइनों में किसी भी प्रकार का लीकेज होने पर उसे तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने के लिए इंजीनियरों को निर्देश दिए गए हैं। शहर में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। निगमायुक्त ने जोर देकर कहा कि सभी अधिकारी कार्यालय में बैठने के बजाय फील्ड पर रहकर निगरानी करें और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। जल विभाग के साथ ही फायर, अतिक्रमण, स्वास्थ्य और सीएम हेल्प लाइन के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जनहित कार्यों में समन्वय से सुधरेगी शहर की व्यवस्था
नगर निगम के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर विशेष जोर दिया गया है। निगमायुक्त ने फायर ब्रिगेड को अग्निशमन सुरक्षा, बाजार विभाग को अतिक्रमण हटाने और स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएम हेल्प लाइन के माध्यम से मिलने वाली नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए सभी जोनल अधिकारियों को पाबंद किया गया है। शहर में जनसुरक्षा और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करने के लिए कहा गया है। विभागवार समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं ताकि निगम की सेवाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के नागरिक तक पहुँच सके।
