khabar abhi tak

बिना ताले की कुंडी देख शातिर बदमाशों ने साफ किया हाथ



जबलपुर। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुष्पनगर कछपुरा इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाली 42 वर्षीय आरती दाहिया अपने घर के मुख्य दरवाजे पर सिर्फ कुंडी लगाकर, बिना ताला बंद किए यादव कॉलोनी में मकान का किराया देने गई थीं। इसी बीच महज 15 मिनट के सूनेपन का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने घर के अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर 50 हजार रुपये नकद सहित सोने और चांदी के कीमती जेवरात पार कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर लॉर्डगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​सूने मकान में चंद मिनटों में हुई वारदात

​आरती दाहिया जब किराया देकर वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे की कुंडी वैसे ही लगी हुई थी, जैसी वह छोड़ कर गई थीं। घर के अंदर जाने पर भी सारा सामान अपनी जगह सही तरीके से रखा हुआ था। इस वजह से शुरुआत में उन्हें घर में किसी भी तरह की अनहोनी या चोरी का कोई शक नहीं हुआ। इसके कुछ देर बाद उनके पति अजय दाहिया ने फोन कर बताया कि घर पर मिस्त्री आ रहा है और उसे काम का भुगतान करना है। पति की बात सुनकर जब आरती पैसे निकालने के लिए अलमारी के पास पहुचीं, तो वहाँ का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी का दरवाजा खुला हुआ था और उसके अंदर बना हुआ मजबूत लोहे का लॉकर टूटा हुआ पड़ा था।

​लॉकर से नकदी समेत भारी जेवरात गायब

​पीड़िता के अनुसार अज्ञात चोर ने लॉकर तोड़कर उसमें रखे नगद 50 हजार रुपये समेट लिए। इसके साथ ही सोने का 1 हार, 6 अदद अंगूठी, 1 सोने की चैन, 5 नग बाले, 2 नग लोंग यानी नाक की कील पर हाथ साफ कर दिया। चोर अपने साथ चांदी की पायल व बिछिया भी बटोर ले गए। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि आस-पास के पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस टीम चोरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak