बताया गया है कि एसआई रामभजन साहू अपने स्टाफ के साथ मोतीनगर चौक पर नियमित वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मोतीतालाब के नीचे वाली सड़क से एक बाइक तेज गति से चौक की ओर आती दिखी। उस समय एक महिला सड़क पार कर रही थी। महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसआई साहू ने बाइक चालक को रोकने का इशारा किया और सीटी बजाई। जिस हाथ से एसआई साहू बाइक रोकने का प्रयास कर रहे थे, उसी हाथ में उनका मेनपैक सेट भी था। तेज रफ्तार बाइक चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे एसआई को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सब-इंस्पेक्टर का हाथ बाइक के हैंडल में फंस गया, जिससे वे वाहन के साथ सड़क पर घसीटते चले गए। हादसे में उनके दोनों पैरों के घुटनों और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना देखकर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत उनकी ओर दौड़े, लेकिन तब तक बाइक चालक एसआई का मेनपैक सेट लेकर मौके से फरार हो चुका था। घायल एसआई को तत्काल यातायात पुलिस के वाहन से बालाघाट जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस ने फरार बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना को लेकर पुलिस विभाग ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।