khabar abhi tak

चचेरी बहन की शादी की खुशियां मातम में बदली, सड़क हादसे में भाई की मौत



शादी का सामान लेने बाजार गए युवक को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचला, साथी गंभीर रूप से घायल

जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के पोला तिराहे के पास शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को उम्रभर के गम में बदल दिया। कटंगी के ग्राम कूडा निवासी 22 वर्ष के दुर्गेश झारिया की चचेरी बहन पूनम की शादी की तैयारियां घर में चल रही थीं और शनिवार को ही बारात आने वाली थी। बारात के स्वागत और विवाह की रस्मों से पहले दुर्गेश अपने साथी प्रदीप उर्फ बहादुर के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एनई 2540 पर सवार होकर शादी का कुछ जरूरी सामान लेने के लिए कटंगी बाजार गया था। जब दोनों सामान लेकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी पोला तिराहे के पास गुबरा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर क्रमांक जीजे 39 टी 8129 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान दुर्गेश सीधे टैंकर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी प्रदीप इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दुखद माहौल के बीच परिवार के बुजुर्गों और शुभचिंतकों ने आपस में राय मशविरा किया और सादगी के साथ विवाह की अनिवार्य रस्में पूरी कराईं। घायल प्रदीप को इलाज के लिए तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले टैंकर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक दुर्गेश का अंतिम संस्कार किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak