khabar abhi tak

एमपी : चकाजाम कर रहे ग्रामीणों ने टीआई के सिर पर कुल्हाड़ी मारी, हालत गंभीर

सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में सोमवार 15 जून की दोपहर ग्रामीणों द्वारा किये गये चकाजाम को खुलवाने पहुंचे थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर कुल्हाड़ी और हंसिए से जानलेवा हमला किया गया। ग्राम पटपरा में सड़क जाम हटाने के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल सीधी में एडमिट कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपरा में सरकारी रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन दिए गए थे।

कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने चक्काजाम किया

कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर टांगी (कुल्हाड़ी) और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी था।

5 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया। आरोप है कि सड़क जाम हटाने से रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली।

एसपी बोले- गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही

एसपी कोरी ने कहा कि थाना प्रभारी पर हमला गंभीर मामला है। पांच थानों का पुलिस बल और एसडीओपी को मौके पर भेजा गया। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak