जबलपुर। जबलपुर के मझौली में उस वक्त दो परिवारों के सदस्यों में टकराव हो गया, जब युवती ने शादी से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। यहां तक कि सड़क किनारे खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना से क्षेत्र में चीख पुकार व भगदड़ मच गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंच गए। जिनकी सूचना पर आई फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया।
खबर है कि मझौली क्षेत्र में रहने वाले युवक व युवती के बीच लम्बे समय से प्रेम संबंध रहे, जिसके चलते दोनों परिवार के लोग बच्चों की खुशी की खातिर शादी के लिए तैयार हो गए। इस बीच युवती ने शादी से इंकार कर दिया। इस बात की खबर मिलते ही परिवारों में तनाव हो गया, बीती रात दोनों पक्षों के बातचीत के लिए बैठे। बातचीत के दौरान दोनों ही पक्षों के बीच सहमति नहीं बनी और हालात बिगड़ गए। तिवारी व सराफ के लोगों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान दोनों तरफ से मारपीट और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। विवाद इतना बढ़ा कि सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई। सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी नेहरू खंडाते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई। मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़का-लड़की के बीच दोस्ती थी। लेकिन लड़की की शादी कहीं और तय होने के बाद लड़के ने मोबाइल पर कुछ मैसेज किए, जिससे परिवार आक्रोशित हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली है और करीब 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।